एक जिला एक उत्पाद के माध्यम से उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए शासन ने कार्ययोजना तैयार की है। वोकल फॉर लोकल के तहत अलीगढ़, लखनऊ, कानपुर, आगरा समेत 12 जिलों में ओडीओपी के हस्तनिर्मित उत्पादों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी 23 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलेगी। प्रदर्शनी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा प्रदेश स्तरीय मंत्री भी शामिल होंगे। अलीगढ़ में ताला-हार्डवेयर व आर्टवेयर के उत्पाद प्रदर्शनी में लगाए जाएंगे।
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने सभी जिलों के संयुक्त आयुक्त उद्योग व उपायुक्त उद्योग को प्रदर्शनी का वृहद स्तर पर आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं। प्रदर्शनी में ओडीओपी के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कम से कम 25 स्टॉल लगाए जाने का लक्ष्य तय किया है। प्रदर्शनी का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जीएम डीआईसी को आयोजन के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। संयुक्त आयुक्त उद्योग अलीगढ़ बीरेंद्र सिंह ने बताया कि ओडीओपी के तहत लगने वाली प्रदर्शनी का आयोजन विशेष श्रेणी में रखे गए अलीगढ़, लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर, गोरखपुर, मुरादाबाद, आगरा, मेरठ, बरेली, सहारनपुर एवं फतेहपुर में 23 सितंबर से दो अक्तूबर तक होगा। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर सभी जिलों में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में ताला-हार्डवेयर व आर्टवेयर के उत्पाद प्रदर्शनी में लगाए जांएगे। जिला उद्योग केंद्र प्रदर्शनी स्थल का जल्द ही चयन करेगा। मेले में उत्पादों को लगाने के लिए उद्यमियों से 15 सितंबर तक नाम मांगे गए हैं।