रेल प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के बाद से करीब दो साल से बंद पड़ी नई दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू एवं अलीगढ़- नई दिल्ली (अनारक्षित एक्सप्रेस) विशेष को एक सितंबर से पुन: संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे दैनिक यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। यात्री काफी समय से ट्रेन संचालन की मांग कर रहे थे। इसका स्थानीय स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा और उन्हें आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। दैनिक रेल यात्री संगठन के सचिव अरविंद तिवारी ने कहा कि यात्री लंबे समय से ट्रेन संचालन की मांग कर रहे थे।
सांसद सतीश गौतम ने भी रेल मंत्रालय को पत्र भेजकर जनहित में कोरोना संक्रमण में बंद पड़ी ट्रेन का संचालन कराने की मांग की थी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवमशर्मा ने बताया कि एक सितंबर से दिल्ली- अलीगढ़ ईएमयू पैसेंजर ट्रेन का संचालन होगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली से ट्रेन सुबह 6:05 बजे नई दिल्ली से शिवाजी ब्रिज, तिलक ब्रिज के रास्ते गाजियाबाद, साहिबाबाद, दनकौर, चोला, खुर्जा, सोमना, कुलवा, महरावल के रास्ते अपरान्ह 11:00 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह अलीगढ़ से पुरानी दिल्ली जाने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन अलीगढ़ से सुबह 6:10 बजे रवाना होगी और 09:10 बजे शहादरा के रास्ते पुरानी दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी। इसके अलावा दनकौर - शकूर बस्ती दिल्ली ईएमयू पैसेंजर अपने निर्धारित समय पर गंतव्य को रवाना होंगी।