पंडित दीनदयाल अस्पताल में कावंडिया वार्ड का निरीक्षण करते सीएमएस डॉ अनुपम भास्कर व अन्य।
- फोटो : संवाद
महाशिवरात्रि से पहले रामघाट रोड पर कांवडिय़ों के लिए आठ बैड का वार्ड तैयार किया गया है। इसमें सभी आपातकालीन सुविधाएं रखी गई हैं। बृहस्पतिवार सुबह सीएमएस डा.अनुपम भाष्कर ने यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सीएमएस डा.अनुपम भाष्कर ने बताया कि शासन के निर्देश पर यह वार्ड तैयार किया गया है। इसमें आठ बैड रखे गए हैं। इसमें सभी तरह की आपातकालीन सुविधाएं रखी गई हैं। रामघाट रोड पर एंबुलेंस भी सक्रिय है। किसी भी तरह की आपातकालीन समस्या पर किसी भी कांवडिय़े को यहां भरती कराया जाएगा। इसके लिए डॉक्टर, मेडिकल अफसर व अन्य स्टाफ भी तैनात किए गए हैं।
पर दीनदयाल में भटक रही मरीजों की भीड़
डॉक्टरों के तबादले के बाद दीनदयाल सयुक्त अस्पताल में मरीजों की भीड़ का भटकना थम नहीं रहा। बृहस्पतिवार को भी यहां मरीज डॉक्टरों के न होने के कारण दिन भर इधर से उधर भटकते रहे। हालांकि अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ यहां कम थी। यहां आने वाले मरीज अब जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसे में वहां मरीजों की भीड़ अधिक है। बृहस्पतिवार को दीनदयाल में कई ओपीडी खाली पड़ी थीं और मरीज भटक रहे थे। इसे लेकर सीएमएस डा.अनुपम भाष्कर यही कहते हैं कि मरीजों को हर तरह की सुविधा व उपचार देने का प्रयास जारी है। डॉक्टरों की कमी है। इसे नकारा नहीं जा सकता।