मंगलवार की दोपहर कस्बा निवासी एक युवक ने शराब पीकर परिवार वालों से झगड़ा किया। इसके बाद अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शरीर पर लगी आग बुझाई। इसके बाद अपनी गाड़ी से युवक को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। दरोगा महिपाल सिंह के अनुसार युवक तीस फीसदी झुलसा है।
रामलीला मैदान में पास वनखंडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारियों का आवास है। यहां रहने वाले जॉनी पुत्र स्व. महेश चंद गोस्वामी शराब का आदी है। इससे जाॅनी के घर में कलह रहती है। मंगलवार दोपहर को वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा तो परिवार वालों से विवाद हो गया। इस पर जॉनी ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर जान देने की धमकी देने लगा।
इस पर उसकी मां इंदिरा गोस्वामी घबराकर पुलिस चौकी पहुंचीं और बेटे द्वारा अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लेने की बात बताई। यह सुनकर चौकी प्रभारी पवन कुमार सिपाहियों के साथ इंदिरा गोस्वामी के घर पहुंचे तब तक युवक आग लगा चुका था। उसे आग की लपटों से घिरा देख पुलिस कर्मियों ने कपड़े डालकर आग बुझाई। इसके बाद अपनी गाड़ी से तत्काल जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।