थाना दादों के गांव मोहकमपुर में शनिवार रात शराब के नशे में दामाद ने ससुर की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने दामाद की धुनाई कर पुलिस को सूचित कर दिया। घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के चचेरे भाई ने दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गांव मोहकमपुर निवासी 55 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र मेघ सिंह की पत्नी व बेटे की काफी समय पहले मौत हो गई थी। उसने अपनी बेटी की शादी नैनीताल के थाना किच्छा के मोहल्ला मेडिया भट्ठा निवासी किशनपाल पुत्र दीनदयाल के साथ की थी। दो माह से दामाद और बेटी मोहकमपुर में ओमप्रकाश के पास ही रह रहे थे।
शनिवार की देर रात ससुर दामाद ने साथ बैठकर शराब पी। तभी किसी बात को लेकर दोनों में गाली गलौज हो गई। इस पर किशनपाल ने ओमप्रकाश की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने किशनपाल की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के चचेरे भाई कुमरपाल सिंह ने आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी किशनपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।