कस्बा बरला में रविवार सुबह 26 वर्षीय महिला ने अपने मायके में खुदकुशी कर ली। घटना के वक्त घर में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। गांव में परचून की दुकान करने वाले सोनू गुप्ता ने बताया कि बेटी शिवानी की शादी दिल्ली में करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। ससुराल में अनबन होने के कारण उसका अपने पति से तलाक हो गया था, जिसके बाद से वह मायके में ही रहने लगी थी। शिवानी ने घर में दूसरी मंजिल पर लगे लोहे के जाल में धोती बांधकर फंदा लगा लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया है कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।