उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने रविवार को पंडित दीनदयाल जयंती समारोह के अवसर पर अलीगढ़ में आयोजित कार्यकर्ता मिलन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अलीगढ़ के ताले, नारे व लोग अद्भुत हैं। यहां के लोग चुनाव में अपना मत किसी के पक्ष में देते हैं तो विरोधियों के मुंह पर ताले लगा देते हैं। अलीगढ़ ने उत्तर प्रदेश को राजनीतिक दिशा दी है। उन्होंने कहा कि जनसंघ की स्थापना में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का बहुत बड़ा योगदान था। उपाध्याय जी का मानना था कि भारत तरक्की कर सकता है तो इसके लिए एकात्म मानववाद को अपनाना होगा और अंतिम पायदान के व्यक्ति तक हर योजना का लाभ पहुंचाना होगा। देश को उन्नतशील बनाने का मूल मंत्र पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने ही दिया था।
शर्मा ने आगे कहा कि वर्तमान राजनीति का परिवेश बदल गया है, लेकिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय अपने कार्यकर्ताओं को संवाद के साथ संतुष्ट किया करते थे। उन्होंने अपने जीवन को समाज के प्रति समर्पित करने के साथ अपने कार्यों से लोगों को प्रेरणा देकर समाज हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया था। जनसंघ की नींव रखने वालों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अहम भूमिका थी जो जनसंघ की स्थापना से भाजपा तक के सफर में भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है।