वित्तीय वर्ष 2023- 24 में ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों के लिए शासन की ओर से इस बार थीम निर्धारित की गई हैं। इन 9 थीमों में से प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक थीम के आधार पर कार्य योजना तैयार करनी होगी। थीम के आधार पर 50 फीसदी कार्याें की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
पंचायतराज विभाग की ओर से प्रतिवर्ष ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत की कार्य योजना तैयार की जाती है। इस आधार पर शासन की ओर से बजट जारी किया जाता है। शासन की ओर से इस बार कार्य योजना में कुछ बदलाव किए गए हैं। शासन ने निर्देश दिए हैं कि इस बार तैयार होने वाली कार्य योजना निर्धारित नौ थीमों में से किसी एक थीम के आधार पर तैयार की जाएगी।
ग्राम पंचायत द्वारा चयन की गई थीम के आधार पर कार्य योजना में 50 फीसदी कार्यों को शामिल किया जाएगा। कार्य योजना में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जाने वाले कार्यों को शामिल किया जाएगा, जिससे शासन को ग्राम पंचायतों में होने वाले कार्यों की निगरानी करने में आसानी हो सके।
विकास के लिए निर्धारित बिंदु
- गरीबी मुक्त एवं आजीविका उन्नत गांव
- स्वस्थ गांव
- बाल हितैषी गांव
- पर्याप्त जल युक्त गांव
- स्वच्छ एवं हरित गांव
- आत्म बुनियादी ढांचे वाला गांव
- सामाजिक रूप से न्याय संगत एवं सुरक्षित गांव
- सुशासन वाला गांव
- महिला हितैषी गांव
शासन के निर्देश के क्रम में किसी एक थीम के आधार पर कार्य योजना बनाकर इसको अपलोड किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी थीम के आधार पर गांवों को विकास कार्याें से संतृप्त किया जाएगा।
-सुबोध जोशी, डीपीआरओ