डेंगू से दो और एक की मलेरिया बुखार से मौतगंगीरी/अकराबाद। डेंगू से दो और मलेरिया से एक मौत हो गई। गंगीरी में 22 वर्षीय युवक और अकराबाद में गर्भवती महिला ने डेंगू के कारण दम तोड़ दिया, जबकि दादों में 15 वर्षीय किशोरी की मलेरिया के कारण मौत हो गई है।गंगीरी के गांव मझाला निवासी 22 वर्षीय रविकुमार पुत्र मनवीर सिंह को चार दिन पहले बुखार आया था। परिजनों ने रवि कुमार का इलाज गंगीरी चौराहे पर एक डॉक्टर से कराया। मंगलवार को रविकुमार की डेंगू बुखार के चलते मौत हो गई। दूसरी ओर थाना दादों के गांव हुसैनपुर निवासी 15 वर्षीय डॉली पुत्री दिनेश यादव को मलेरिया बुखार कई दिनों से आ रहा था। डॉली का इलाज अलीगढ़ मेडिकल में चल रहा था। जहां मंगलवार को डॉली की मलेरिया बुखार से मौत हो गयी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गंगीरी के प्रभारी डॉ. इरफान हमीद ने बताया कि क्षेत्र में डेंगू बुखार नहीं है। मलेरिया बुखार है तो अस्पताल में तुरंत भर्ती कराए। अकराबाद निवासी मोहल्ला शीशग्रान के जाबुद्दीन की 26 वर्षीय पत्नी मरजीना को कुछ दिन पूर्व तेज बुखार आ गया था। पति उपचार के लिए अलीगढ़ के निजी अस्पताल ले गया। जहां खून की जांच आने पर डॉक्टरों ने डेंगू बुखार बताया। जिस पर महिला का पति उसे आगरा के निजी अस्पताल में ले गया और भर्ती कराया। सोमवार को गर्भवती महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।