पानी की समस्या को लेकर मरघट स्थित नलकूप पर नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करतीं महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ के रोरावर इलाके के वार्ड नंबर 83 में ट्यूबवेल खराब होने पर लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला बेहोश हो गई। रमजान के दिनों में आठ दिनों से इलाके में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
नगर निगम के ट्यूबवेल के खराब होने से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। बच्चों सहित क्षेत्र के रोजेदारों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। दूरदराज क्षेत्र में लगे हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। ट्यूबवेल को ठीक न कराए जाने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने पानी नहीं तो फांसी दो के नारे लगाने लगे। गर्मी और रोजा रहने के चलते एक बुजुर्ग महिला बेहोश हो गई। महिला के बेहोश होने पर सभी घबरा गए। थोड़ी देर में महिला को होश आया।
इस संबंध में नगर आयुक्त अमित आसेरी का कहना है कि ट्यूबवेल की मरम्मत करने में कारीगर लगे हुए हैं। कुछ जगह पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है। शीघ्र ही ट्यूबवेल को सही कराकर पानी सप्लाई सुचारू कराई जा रही है। पाइप लाइन डालने का काम हो रहा है, वहां टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है। एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नगर निगम अधिकारी शीघ्र ट्यूबवेल की मरम्मत कराकर पानी की आपूर्ति करने की बात कह रहे हैं।