खैर कोतवाली क्षेत्र के टेंटीगांव रोड पर निजी गैस एजेंसी से आगे सड़क किनारे 9 मई शाम सात बजे एक युवक का शव मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर अनुज कुमार शर्मा व चौकी इंचार्ज जगदीश कुमार पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को सीएचसी पर रख कर जेब में मिले आधार कार्ड से शिनाख्त हुई।
युवक की मौत की सूचना परिजन को दी गई तो वह भी सीएचसी पहुंच गए। युवक की पहचान 30 वर्षीय होशियार सिंह चौधरी पुत्र गिर्राज सिंह निवासी नगला बिरखू के पास गांव रामेदगढ़ी थाना गोंडा के रूप में हुई। इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसका शव यहां किसी ने फेंका है। सिर पर चोट के निशान है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक तीन भाई तीन बहन में बीच का व अविवाहित था। उसकी मां वैजयंती का रो रो कर बुरा हाल है। दो भाई बाहर रहते है। होशियार गांव में रहता था। पिता गिर्राज सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे वह गांव के विनोद के साथ अलीगढ़ जाने की कहकर निकला था। पुलिस ने विनोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जहां विनोद ने बताया कि गांव से दोनों साथ आए थे, लेकिन वह अकेला ही अलीगढ़ गया था। होशियार खैर से वापस गांव लौट गया था। घटना की जानकारी उसे नहीं है। मृतक का मोबाइल गायब है।