अलीगढ़ महानगर के रोरावर क्षेत्र के मामूद नगर में मीट के विवाद में महिला की हत्या के आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में मृत महिला की आठ वर्ष की बच्ची को गवाह बनाया है। चश्मदीद गवाही उसकी दर्ज की गई है। ताकि आने वाले समय में मुकदमे में मजबूती रह सके। बयान दर्ज कराने के बाद बच्ची को नाना-नानी के साथ भेजा गया है।
बता दें कि मूल रूप से कासगंज ढोलना की 35 वर्षीय गुड्डो की शादी सगीर निवासी मामूद नगर संग हुई थी। रविवार रात पति से मीट लाने के विवाद में उसका झगड़ा हुआ। इसी झगड़े में पति ने उसकी हत्या कर दी। इस मामले में दंपती की तीन बेटियों में सबसे बड़ी नाबिया ने पुलिस को बयान दर्ज कराया है कि उसके सामने मां का कत्ल किया गया।
जिस समय यह घटना हुई तो वह डर गई और उसने शोर मचाकर मोहल्ले के लोग एकत्रित किए। बाद में पिता को भागते समय मोहल्ले वालों ने पकड़ लिया। सीओ प्रथम ने बताया कि मामले में चार्जशीट तेयार की जा रही है। बच्ची को चश्मदीद गवाह बनाया गया है। आरोपी को सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।