क्वार्सी थाना क्षेत्र के धौर्रा माफी मोहल्ले के शेर अली को एसी रिपेयरिंग के लिए कंपनी के कॉल सेंटर को फोन करना भारी पड़ गया। हैकरों ने उनसे खाते से संबंधित जानकारियां लेकर 45 हजार रुपये पार कर दिए। इस मामले में साइबर सेल में शिकायत की गई है।
ठगी के शिकार हुए शेर अली के अनुसार, उन्होंने रेलवे रोड के शोरूम से एक एसी खरीदा था। कुछ दिन बाद उसमें खराबी आई तो उन्होंने कंपनी के कॉल सेंटर पर फोन मिलाया। उधर से खुद को कस्टमर केयर कर्मी बताने वाले ने उनसे बातों-बातों में बैंक खाते से जुड़ी जानकारियां हासिल कर लीं। इसके बाद उनके केनरा बैंक के खाते से धीरे-धीरे 45 हजार गायब हो गए। जब उन्हें इस ठगी का एहसास हुआ तो वे शोरूम पर पहुंचे। मगर शोरूम संचालक ने इसमें उनकी मदद करने में असमर्थता जताई। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।