दिवाली और गोवर्धन पूजा के बीच कार्तिक कृष्ण पक्ष अमावस्या पर मंगलवार को साल का अंतिम खंडग्रास सूर्यग्रहण लोगों में कौतूहल बना रहा। सूर्यग्रहण के चलते मंगलवार को सुबह से मंदिरों के कपाट बंद रहे। सूर्यग्रहण के उपरांत देर शाम मंदिरों को पानी से धोया गया। इसके बाद दर्शन के लिए कपाट खुले और भजन-कीर्तन हुआ। वहीं ग्रहण का सूतक काल सुबह से ही लगने के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा का महत्व माना जाता है। करीब 27 साल बाद दिवाली पर सूर्य ग्रहण पड़ने से गोवर्धन पूजा के लिए संशय बना रहा। अब बुधवार को अन्नकूट और गोवर्धन पूजा होगी। बृहस्पतिवार को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा। मंगलवार को सुबह से ही सूतक लगने से मंदिरों के पट पूरे दिन बंद रहे। ग्रहण समाप्त होने के बाद शाम के समय मंदिरों में साफ-सफाई एवं धुलाई के बाद ही उन्हें पूजा-अर्चना के लिए खोला गया। इससे पांच दिवसीय दीपोत्सव के बीच तीसरे दिन ब्रेक लग गया।
ज्योतिषाचार्य पंडित हृदय रंजन शर्मा ने बताया कि अलीगढ़ में ग्रहण का प्रारंभ शाम 4:32 से हुआ और मध्यकाल शाम 5:29 मध्य तक रहा, जबकि ग्रहण समाप्ति का काल 06: 27 पर रहा। सूर्यास्त शाम 6:40 पर हुआ। उन्होंने बताया कि बुधवार को अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजा करना श्रेष्ठ माना जाएगा। अगले दिन 27 अक्तूबर को भाई दूज का त्योहार मनाया जाएगा।
सूर्यग्रहण का कुछ राशियों पर अच्छा तो कुछ राशियों पर गलत प्रभाव पड़ेगा। मेष, मिथुन, कन्या, कुंभ राशि वालों के लिए ग्रहण का प्रभाव सामान्य रहेगा और नुकसान की संभावना कम रहेगी। वृष, सिंह, धनु एवं मकर राशियों के लिए यह ग्रहण अथवा ग्रहण के उपरांत छह माह तक सूचनाएं शुभ कार्यों की उम्मीद की जा सकती है।
कर्क, तुला, वृश्चिक और मीन राशि के लिए इस ग्रहण का प्रभाव खतरनाक या गलत साबित हो सकता है। सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य और पृथ्वी की दूरी अधिक हो जाती है। इसलिए सूर्य का प्रकाश धरती तक पहुंचने से पहले चंद्रमा बीच में आ जाता है और सूर्य का कुछ भाग ही नजर आता है। एएमयू समेत कई स्थानों पर खगोलीय घटना को देखने के लिए खगोलविदों ने ब्राह्मण्ड में होने वाली विभिन्न अद्भुत घटनाओं का अध्ययन किया।
सूर्यग्रहण देखने को उत्सुक रहे लोग
सूर्यग्रहण देखने को लोगों में काफी उत्सुकता देखने को मिली। शहर के रामघाट रोड स्थित मीनाक्षी पुल के एक मकान के पास स्वतंत्र फोटोजर्नलिस्ट मनोज अलीगढ़ी ने कैमरे की मदद से लोगों को सूर्यग्रहण का नजारा दिखाया। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में महिला, बच्चे, बुजुर्ग, युवा, युवतियां सूर्यग्रहण का नजारा अपनी आंखों से देखने के लिए व्याकुल नजर आए।