महानगर के सराय मियां में शनिवार रात को एक युवक की मेहंदी की रस्म के दौरान मोहल्ले के युवकों ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। तमंचे से निकली गोली पास ही खड़ी एक युवती की कनपटी को रगड़ती हुई निकल गई। गनीमत रही की गोली उसके धंसी नहीं। हालांकि घटना में युवती घायल हो गई। परिजनों ने उसे जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। साथ ही मोहल्ले के तीन युवकों के खिलाफ थाना देहली गेट पुलिस को तहरीर दी है।
देहली गेट के सराय मियां के रहने वाले कासिम का रविवार को निकाह था। शनिवार रात को निकाह से पहले मेहंदी की रस्म चल रही थी। वाकये के अनुसार रात करीब नौ बजे करीब रस्म के दौरान ही मोहल्ले के कुछ युवक गानों की धुन पर थिरकने लगे। इसी दौरान उन्होंने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। गोली पास ही खड़ी मोहल्ले की युवती सिमरा (20) पुत्री खालिद की कनपटी को रगड़ती हुई निकली। गोली रगड़ने से युवती जख्मी हो गई। परिजनों और रिश्तेदारों ने आनन-फानन में उसे जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। इधर, फायरिंग करने वाले युवक फरार हो गए। युवती के पिता खालिद के मुताबिक हर्ष फायरिंग करने वाले तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। फिलहाल बेटी खतरे से बाहर है। देहली गेट इंस्पेक्टर के अनुसार तीनों युवकों की तलाश जारी है। तहरीर के आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
हादसों के बाद भी हर्ष फायरिंग पर लगाम नहीं
शादी, पार्टी में हर्ष फायरिंग करने वालों पर लाख कोशिशों के बाद भी पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। लाइसेंसी असलाह के साथ लोग अवैध हथियारों से धड़ल्ले से फायर ठोक रहे हैं। हर्ष फायरिंग में गोली लगने से कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भी लोग खुद से जागरूक नहीं हो रहे हैं। एसपी सिटी आशुतोष द्विवेदी के अनुसार हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त है। साथ ही समारोह के आयोजकों को भी इस ओर ध्यान देने की जरूरत है, जिससे की खुशियों के रंग में भंग न पड़े।