टप्पल में ग्रामीणों ने दबोचे दो गौ तस्कर
अमर उजाला ब्यूरो
जट्टारी(अलीगढ़)। टप्पल इलाके में इंटरचेंज के पास रविवार देर रात काटने के लिए लाई जा रही गायों से भरे ट्रकों को रोकने पर ग्रामीणों व गौ तस्करों में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गौ तस्कर ग्रामीणों पर चाकुओं से हमलाकर पिस्टल तानते हुए भाग गए। मगर पब्लिक ने घेराबंदी कर एक ट्रक दबोच लिया, जिसमें काफी संख्या में गाय थीं। इसके बाद काफी देर तक मौके पर हंगामा-जाम के हालात बने रहे। बाद में पुलिस ने समझाकर हंगामा शांत कराया और गायों को जट्टारी गौशाला लाया गया। इस ट्रक में दो गौ तस्कर भी दबोचे गए हैं। टप्पल व जट्टारी इलाके के बजरंग दल, गौ रक्षा समिति व हिंदूवादी संगठनों के अन्य कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि पलवल से गौकशी के लिए तीन ट्रक गायों को मुख्य मार्ग के बजाय लिंक मार्गों से अलीगढ़ ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर रात करीब 11 बजे तमाम युवाओं की टोलियां पूरे क्षेत्र में फैल गईं। इसी बीच एक ट्रक को इंटरचेंज के पास रोका गया। उस ट्रक में गायों के साथ-साथ गौमांस भी था। इसी दौरान ट्रक में सवार तीन चार लोग हमलावर हो गए और उन्होंने चाकुओं से हमला कर अमन पालीवाल व सुनील नाम के दो युवकों को जख्मी कर दिया। बाद में पिस्टल दिखाते हुए यह लोग ट्रक को लेकर भाग गए। मगर तभी दूसरा ट्रक आ गया, जिसे पब्लिक ने रोक लिया। खैर तहसील के अधिवक्ता मनू चौधरी के अनुसार उसमें एक दर्जन से अधिक गाय भरी थीं। ट्रक में सवार तीन में से एक युवक भाग गया, जबकि दो को दबोच लिया। उन्हें जमकर पीटा गया। बाद में हंगामे के साथ अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जाम की स्थिति बनी। मगर एसओ टप्पल राजवीर सिंह ने पब्लिक को समझा बुझा कर जाम खुलवा दिया।