पुलिसकर्मी बनकर किराना व्यापारी से दो लाख ठगे
- फोटो : Dig Vishal
महानगर के बारहद्वारी इलाके में पुलिसकर्मी बनकर किराना व्यापारी से बदमाश दो लाख रुपये ठगकर ले गए। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच करने की बात कह रही है।
अकराबाद के कस्बा कौड़ियागंज निवासी चंद्रमोहन वार्ष्णेय किराना व्यापारी हैं। सोमवार को वह बारहद्वारी स्थित किलाटगंज बाजार में किराने का माल खरीदने आए थे। किलाटगंज से पहले बारहद्वारी चौराहे पर पहुंचे, तभी एक युवक ने उन्हें रोक लिया और कहा कि आपको शर्मा जी बुला रहे हैं। चंद्रमोहन सामने खड़े बाइक सवार दो युवकों के पास पहुंच गए।
बाइक सवारों ने चंद्रमोहन को यह कहते हुए हड़काना शुरू कर दिया कि हम पुलिस वाले हैं। शहर में जहरखुरानी और नशे के उत्पाद की तस्करी बहुत हो रही है। आपके बैग की तलाशी लेनी है। शातिरों ने चंद्रमोहन के बैग की तलाशी लेनी शुरू कर दी। पलक झपकते ही बैग में रखे दो लाख रुपये पार कर दिए।
बदमाशों ने चंद्रमोहन को बैग थमाया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बदमाश फरार हो गए। उनके जाने के बाद चंद्रमोहन ने बैग से नकदी गायब देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर वहां भीड़ जुट गई। देहलीगेट पुलिस भी आ गई। पीड़ित व्यापारी ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।