झगड़े के बाद व्यापारियों ने बंद किया बाजार।
- फोटो : Dig Vishal
महानगर के बारहद्वारी चौराहे पर शनिवार शाम फायरकर्मी से विवाद में हिरासत में लिए गए आरएसएस कार्यकर्ता का पुलिस द्वारा शांति भंग में चालान किए जाने पर बखेड़ा खड़ा हो गया। रविवार सुबह यह खबर मिलते ही बारहद्वारी के दुकानदारों ने बाजार बंद कर दिया और धरने पर बैठ गए।
इस खबर पर व्यापारियों के समर्थन में शहर विधायक संजीव राजा तमाम भाजपाइयों सहित वहां पहुंच गए। वहां से उन्होंने एसपी सिटी से प्रकरण पर वार्ता की। एसपी सिटी ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद दुकानदारों ने बाजार खोला।
आरएसएस की शिवाजी शाखा के स्वयं सेवक अशोक कुमार की बारहद्वारी चौराहा पर टेंट की दुकान है। वाकये के अनुसार शनिवार शाम को चौराहा पर एक लोडिंग रिक्शा पलट गया। इससे वहां जाम लग गया। अशोक सहित अन्य दुकानदार रिक्शा उठाकर जाम खुलवाने में लगे थे। इसी दौरान वहां अग्निशमन कर्मी अपनी बाइक लेकर पहुंचा।
अशोक का आरोप है कि सिपाही गलत दिशा से निकलने की कोशिश कर रहा था। रास्ता न मिलने पर उसने रिक्शा चालक को गाली दे दी। इसका विरोध किया तो सिपाही ने मारपीट कर दी। आरोप है कि सिपाही ने खुद ही थाना पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस अशोक को थाने ले आई।
यहां रविवार को उसका शांति भंग में चालान काट दिया। इधर, कार्रवाई की सूचना मिलते ही बारहद्वारी बाजार के दुकानदार बाजार को बंद कर धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना पर पहुंचे विधायक संजीव राजा ने मामला समझ एसपी सिटी से बात की। एसपी सिटी अभिषेक के अनुसार मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।