बरौला बाईपास की घनी कॉलोनी में एक्सपोर्टर के घर वारदात, पांच बदमाशों ने दंपति को बनाया बंधककांग्रेस नेता के भाई के घर दिनदहाड़े डाकाअलीगढ़ (ब्यूरो)। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता गिरवर शर्मा के एक्सपोर्टर भाई बाबूलाल शर्मा के बरौला बाईपास स्थित मकान में सोमवार दिनदहाड़े बदमाशों ने लाखों का डाका डाल लिया। इस दुस्साहसिक घटना को बदमाशों ने उस समय अंजाम दिया, जब कारोबारी दंपति घर में अकेले थे और कपड़े प्रेस करने वाले के पीछे-पीछे घुसे बदमाशों ने दंपति व प्रेस करने वाले को बंधक बनाकर मारपीट की। इस दौरान बदमाश लाखों के जेवरात, नगदी व लाइसेंसी पिस्टल ले गए। खबर पर एसपी सिटी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक जांच-पड़ताल जारी थी। घटनाक्रम के अनुसार गिरवर शर्मा के ताऊ के बेटे बाबूलाल शर्मा बरौला बाईपास की मोहन नगर कॉलोनी में कोठी बनाकर रह रहे हैं। उनका बरौला बाईपास पर एक आईटीआई कॉलेज, हार्डवेयर कारखाना और गभाना क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज भी संचालित है। घर में उनके अलावा पत्नी हेमलता, बेटा अंबेश (डिप्लोमा इंजीनियरिंग छात्र) के अलावा एक हिस्से में कौरह रुस्तमपुर निवासी किरायेदार वीरेश उनकी पत्नी मधू व बच्चे रहते हैं। सोमवार सुबह रोजाना की तरह बेटा अंबेश पढने गया था, जबकि वीरेश नौकरी पर गया था। दुपहर करीब ढाई बजे वीरेश की पत्नी बच्चों को ट्यूशन छोडने गई और बारिश के चलते वहीं रुक गई। इसी बीच बाबूलाल शर्मा दंपति खाना खाकर आराम करने जा रहे थे। तभी प्रेस करने के बाद कपड़े देने के लिए युवक दरवाजे पर आ गया। इस पर हेमलता दरवाजा खोलने पहुंची, तो प्रेस करने वाले युवक के पीछे पांच बदमाश धकियाते हुए अंदर चले गए। इसके बाद अंदर आकर बदमाशों ने युवक व दंपति को कब्जे में कर लिया। इसके बाद बेड पर लेटे बाबूलाल की बनियान फाड़ते हुए मारपीट शुरू कर दी और मुंह में तमंचा ठूंस दिया। साथ ही माल मांगने लगे। इस पर दहशत में आई हेमलता ने चाभियां सौंप दीं। बस फिर बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी लेकर सेफ आदि भी खंगाली। बाद में तीनों के हाथ पैर बांधकर मुंह में कपड़े ठूंस गए। बदमाश घर से दो कुंडल डायमंड, दो अंगूठी डायमंड, एक सेाने की अंगूठी, एक टीका, चार चूडिय़ां, दो जोड़ी पायजेब, चांदी के चिक्के, करीब दो लाख रुपये नगद, एक लाइसेंसी पिस्टल, दस कारतूस ले गए। जाते समय बदमाश तीनों को बेडरूम में बंद कर बाहर से ताला लगा गए। मगर यह दरवाजा अंदर से खुल जाता है। इस पर किसी तरह खुद हेमलता ने बंधन खोले और बाहर आकर शोर मचाया। इसके बाद सूचना पर एसपी सिटी डॉ.ब्रजेश सिंह, सीओ द्वितीय सत्यप्रकाश यादव, एसओ बन्नादेवी अनुज कुमार आदि पहुंच गए। खबर पर क्राइम ब्रांच व फील्ड यूनिट भी पहुंच गई। एसओ के अनुसार घटना हुई है। इसे चुनौती के रूप में स्वीकारा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।