स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। जबिक पब्लिक ने महिला की ननद को ट्रैक पर से खींच लिया, जिसके चलते उसकी जान बच गई।
भाभी-नदद क्वार्सी इलाके में एक गमी में शामिल होने के लिए शाहदरा दिल्ली से आई थीं। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी आ गए। उधर, जीआरपी ने शव को कब्जे में करते हुए पंचनामा की कार्रवाई की। अगर दोनों ट्रैकों के बीच फेंसिंग लगी होती तो शायद हादसा न होता।
शाहदरा दिल्ली निवासी सुरेश चंद्र थ्री व्हीलर चलाकर अपने परिजनों का पालन पोषण करते हैं। सुरेश चंद्र के रिश्तेदार क्वार्सी निवासी हरीशंकर के यहां पिछले दिनों गमी हो गई थी। इस गमी में शामिल होने के लिए सुरेश चंद्र की पत्नी रीतू (45) और बहन विमलेश महानंदा एक्सप्रेस से बुधवार सुबह स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची। विमलेश ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर दो पर उतरने के बाद उसने किसी से क्वार्सी जाने के लिए बस के बारे में पूछा। किसी व्यक्ति ने उन्हें बताया कि बस जीटी रोड स्थित बस स्टैंड से मिलेगी।
इंस्पेक्टर आरपीएफ नवल किशोर ने बताया कि दोनों भाभी-ननद ट्रेन से होकर रेलवे ट्रैक नंबर तीन से होकर प्लेटफार्म की ओर जा रही थी। तभी रेलवे ट्रैक नंबर तीन पर राजधानी आ गई। ट्रेन को देखकर पब्लिक ने आवाज भी लगाई तब तक रीतू ट्रैक के बीच में पहुंच चुकी थी और अगले ही पल राजधानी की चपेट में आने से उसके मौत हो गई। जबकि विमलेश को अन्य लोगों ने पीछे खींच लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गई।