दीवानी गेट पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब साली और घरवाली ने मिलकर युवक की चप्पलों से धुनाई शुरू कर दी। दोनों में युवक के प्रति गुस्सा इस कदर था जो भी बीच में आ रहा था, वही चप्पलें खा रहा था। यह देख कुछ युवा अधिवक्ता साथियों ने महिलाओं के पक्ष में युवक पर हाथ फेर लिया। बाद में कुछ संभ्रांत लोगों की मध्यस्थता पर हंगामा शांत हुआ और दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए। मगर इस बात को लेकर काफी देर तक चर्चा होती रही।
बताया गया है कि नौरंगाबाद निवासी इस महिला की शादी तीन वर्ष पूर्व में हुई थी। शादी के चंद माह बाद ही दोनों में शुरू हुआ विवाद थाने से होता हुआ अदालत तक जा पहुंचा। जहां दोनों के बीच विवाद की सुनवाई अदालत में चल रही है। मंगलवार को तारीख होने पर पति भी दीवानी पहुंचा और पत्नी भी अपनी बहन के साथ पहुंच गई। पत्नी के अंदर पति के खिलाफ गुस्सा इस कदर धधक रहा था महिला पति को देखकर फट पड़ी। कचहरी गेट पर दोनों बहनों ने उसे चप्पलों से धुनना शुरू कर दिया। यह देख वहां स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पत्नी इतनी आक्रोशित थी कि किसी के बातों में नहीं आ रही थी जो भी उनके बीच आ रहा था, चप्पलें उस पर ही पड़ रही थीं। काफी देर तक महिला के इस उग्र रूप को वहां मौजूद कुछ महिलाओं व अन्य लोगों ने शांत कराया।
इस मामले में किसी पक्ष ने पुलिस को लिखित में नहीं दिया और दोनों पक्ष चले गए।