अलीगढ़। चर्चित किडनी प्रकरण में विधि विज्ञान प्रयोगशाला से डीएनए रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों से मदद मांगी है। परिवार का कहना है कि अब अदालत इस मामले में डॉक्टर के खिलाफ कोई भी कदम किसी भी वक्त उठा सकती है। ऐसे में अंदेशा है कि डॉक्टर विदेश न भाग जाए। ऐसी स्थिति में पहले से ही डॉक्टर का पासपोर्ट जब्त कर लिया जाए तो बेहतर होगा। बुधवार को इस मामले में मृत महिला का बेटा एसएसपी व डीआईजी से भी मिला। महानगर के धनीपुर इलाके की शांति देवी के ऑपरेशन के दौरान 2012 में खराब की जगह स्वस्थ किडनी बदलने का आरोप रामघाट रोड के डॉ. राजीव लोचन पर लगा था। मामले में डीएनए सैंपल भेजा गया था और मुकदमा अदालत में लंबित है। अब डीएनए रिपोर्ट आने के बाद अदालत में कार्रवाई तेज हो गई है। इसी के मद्देनजर मृत शांति देवी के बेटे वीर सिंह ने बुधवार को डीआईजी व एसएसपी से मुलाकात कर डॉक्टर के बाहर जाने पर रोक लगाने का अनुरोध किया है। बता दें कि इस मामले में सर गंगा राम में परीक्षण के बाद यह पता लगा था कि किडनी बदली गई है। तब मुकदमा दर्ज कराया गया था।