खाद्य तेल कारोबारी से स्कूटर नकदी लूटी
- फोटो : Dig Vishal
थाना देहली गेट में बाइक सवार बदमाशों ने रविवार की रात एक खाद्य तेल व्यापारी को निशाना बनाते हुए उससे नकदी और स्कूटी लूट ली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है। मुकदमा दर्ज करने की तैयारी हो रही है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
हरिओम नगर निवासी स्वर्णजीत सिंह की महावीर गंज में खाद्य तेल की दुकान है। रविवार की रात वह गूलर रोड पर गली नंबर एक में किसी समारोह से आ रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए उनका स्कूटर रुकवाया और तमंचे के बल पर स्कूटर छीन लिया।
स्वर्णजीत ने जब इसका विरोध किया तो लुटेरों ने मारपीट शुरू कर दी। लुटेरों ने स्वर्णजीत के पास रखे चार हजार रुपये भी छीन लिए। वारदात के बाद लुटेरे हवा में फायर करते हुए भाग गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी वारदात की जानकारी की। स्वर्णजीत सिंह ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।