इगलास में हथियारबंद बदमाशों ने विटुमिन से भरा टैंकर लूटा अमर उजाला ब्यूरोइगलास। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत अलीगढ़ रोड पर हस्तपुर के समीप सशस्त्र बदमाशों ने विटुमिन टैैंकर को लूट लिया और चालक और क्लीनर को मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में हाथ-पैर बांधकर डाल गए। पुलिस थाना की सीमा विवाद में उलझती रही और पीड़ित इधर से उधर चक्कर लगाता रहा।गुरुवार की रात को एक टैैंकर कोसीकलां से मुरादाबाद क्षेत्रांतर्गत ठाकुरद्वारा जा रहा था। टैैंकर में लगभग 14 टन सात सौ किलो विटुमिन भरा हुआ था जिसकी कीमत लगभग छह लाख रुपये है। टैैंकर मालिक रामस्वरूप पुत्र हरी सिंह निवासी बालाजीपुरम मथुरा का कहना है कि उसको चालक गुलवीर ने किसी के फोन से जानकारी दी कि टैैंकर को कोतवाली क्षेत्रांतर्गत हस्तपुर के समीप हथियारबंद बदमाशों ने लूट लिया है। बदमाश उसे तथा क्लीनर को नौहझील थाना क्षेत्र के जंगल में हाथ-पैर बांधकर डाल गए हैैं। बाद में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मौके पर पीड़ित नहीं मिला। कोतवाली पुलिस का कहना है कि घटना कोतवाली क्षेत्र की नहीं है, लूट की घटना थाना मडराक क्षेत्र में हुई है और चालक मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में मिला है। जिससे घटना या तो थाना नौहझील क्षेत्र की है या थाना मडराक क्षेत्र के आसना चौकी की है, एसएसआई मुनेश कुमार कठेरिया का कहना है कि घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। जो भी हो पीड़ित इस समय थाना इगलास, मडराक और नौहझील के चक्कर लगा रहा है।