दिल्ली से अपहृत सात वर्षीय बालक दानिश को मुसाफिरों की मदद से जीआरपी अलीगढ़ ने बरामद कर अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है। अब बच्चे को उसके परिजनों को सौंपने की तैयारी हो रही है। जीआरपी एसओ सत्यप्रकाश ने बताया कि दिल्ली के थाना नबी करीम के क्षेत्र यमुना बाजार इलाके में दानिश के पिता मो. चांद की ओर से सोमवार 31 जुलाई को ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई थी।
इसी बीच जीआरपी अलीगढ़ को रेलवे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि अलीगढ़ पहुंच रही शिवगंगा एक्सप्रेस में एक बच्चे को कुछ लोग जबरदस्ती अपहरण कर लेकर जा रहे हैं। यह सूचना शिवगंगा एक्सप्रेस में मौजूद यात्रियों की सक्रियता से मिली थी। इन यात्रियों ने भांप लिया था अपहरण का आरोपी सुशील निवासी उन्नाव दानिश को जबरन कहीं लेकर जा रहा है। जनरल कोच में हुई इस घटना के बाद यात्रियाें की सक्रियता से पुलिस सक्रिय हो गई।
एसओ सत्यप्रकाश ने बताया कि दानिश के पिता ने दिल्ली के थाना नबी करीम में 31 जुलाई को ही अपहरण गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। यहां से इस रिपोर्ट को सत्यापित करा लिया गया है। दानिश के परिजनों को सूचना दी गई है।
वह मंगलवार को अलीगढ़ आएंगे तब दानिश को उनकी सुपुर्दगी में दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी सुशील मूलरूप से उन्नाव का रहने वाला है और कई तरह के नशे का आदी है। संभवत: सुशील नशे के फेर में ही दानिश को अपहृत कर उन्नाव ले जा रहा था। सुशील को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर दिल्ली के संबंधित थाने में अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।