अलीगढ़(ब्यूरो)। महानगर के कठपुला पर बुधवार देर रात युवती से पर्स लूट लिया गया। खास बात यह रही कि युवती ने घटनास्थल पर मौजूद पुलिस को देख शोर भी मचाया। मगर पुलिसकर्मी मदद के लिए आगे नहीं आए। बाद में युवती ने थाने जाकर इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।बताया गया है कि चूहरपुर निवासी नीतू पुत्री मंगल सिंह सेंटर प्वाइंट स्थित ज्वैलरी शोरूम में नौकरी करती है। बुधवार रात वह आठ बजे कठपुला से जीटी रोड की ओर आ रही थी, तभी बाइक सवार बदमाश उसका पर्स झपट ले गए। इस दौरान वहां मौजूद लैपर्ड से वह मदद के लिए चिल्लाई। मगर पुलिसकर्मियों ने हिलने तक की जहमत नहीं उठाई। इस पर्स में युवती के सात हजार रुपये व अन्य सामान रखा था। बाद में वह दौड़ती हुई रसलगंज चौकी पहुंची और वहां उसने पूरा वाकया बताया। इसके बाद उसने बन्नादेवी थाने जाकर तहरीर दे दी।