थाना गांधी पार्क के महेंद्र नगर इलाके में मंगलवार की सुबह रास्ते में पडे़ गोबर को लेकर हुए विवाद में गाय की मालकिन ने एक फैक्ट्री के कर्मचारी को सिर पर डंडा मार कर घायल कर दिया। अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है जबकि उसके परिजन फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महेंद्र नगर के बापूधाम में रहने वाले राजकुमार (45) के घर के पास ही काशीराम रहते हैं। काशीराम की पत्नी शंकरवती ने एक गाय पाल रखी है। यह गाय घर के बाहर रास्ते में बंधी रहती है, जिसका गोबर भी वहीं पर पड़ा रहता है। मंगलवार की सुबह राजकुमार अपनी ड्यूटी करने फैक्ट्री जा रहा था। रास्ते में पड़े गोबर पर पैर पड़ने पर वह फिसल गया। इसी बात पर राजकुमार और शंकरवती में विवाद हो गया। रास्ते पर गाय बांधने को लेकर राजकुमार ने विरोध जताया।
शंकरवती का कहना था कि वह अपने घर के सामने कुछ भी बांध सकती है। इस बीच काशीराम और उसके नाना ज्वाला प्रसाद भी मौके पर आ गए। राजकुमार की पत्नी भी मौके पर आ गई। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी बीच शंकरवती ने राजकुमार के सिर पर डंडे से वार कर दिया। इससे वह चोट खाकर गिर गया। आनन फानन राजकुमार को मलखान सिंह जिला अस्पताल लाया गया, यहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शंकरवती को हिरासत में ले लिया है जबकि काशीराम और ज्वाला प्रसाद फरार हैं। मृतक की पत्नी कृष्णादेवी ने शंकरवती, उसके पति काशीराम और नाना ज्वाला प्रसाद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट लिखाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। राजकुमार के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है।