मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप राय तहसील दिवस के बाद सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिलेवरी रूम से लेकर अन्य स्थानों पर गंदगी मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स द्वारा प्रसव कराने वाली महिलाओं से अवैध रुपये से लेने के आरोप में हास्पिटल में तैनात दाई व स्टाफ नर्स में कहासुनी हो रही थी।
इसको लेकर सीएमओ डॉ. राय ने अधीक्षक डा. मनोज चतुर्वेदी को मौके पर ही निर्देश दिये कि किसी भी हालत में बाहर की दवाएं न लिखें तथा प्रसूतिका या उनके परिजन से किसी भी रुप में धनराशि न ली जाए। इसके साथ ही शिकायत को लेकर पूरे प्रकरण में जांच के बाद रिपोर्ट करें। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। लोगों ने डाक्टरों की कमी के साथ ही इमरजेंसी केस न देखने की शिकायत भी की। इस मौके पर डॉ. योगेश कौशल, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. ए.के. शर्मा. डॉ. रोहित सिंह, रमेश चौधरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।