तस्करी के कछुए पकड़े, कीमत 50 हजार
- फोटो : Dig Vishal
दिल्ली से हावड़ा जा रही कालका एक्सप्रेस में सोमवार को जीआरपी ने तस्करी करके ले जाए जा रहे कछुए पकड़ लिए। जबकि तस्कर फरार हो गए। पकड़े गए कछुओं की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। कछुओं को वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया है।
सोमवार जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह को सुबह सूचना मिली कि हावड़ा जा रही कालका एक्सप्रेस में एक पोटली लावारिस अवस्था में पड़ी हुई है। इसमें विस्फोटक पदार्थ हो सकता है। सूचना पर अलीगढ़ जीआरपी सक्रिय हो गई। ट्रेुन के स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रुकते ही संबंधित बोगी को चारों ओर से घेर लिया गया।
सभी यात्रियों को बोगी से बाहर किया। इसके बाद मथुरा से बुलाए गए बम स्क्वायड को बोगी के अंदर भेजा गया। दस्ते ने पोटली को बाहर निकाला और पोटली का पहले स्कैन किया गया। स्कैन के दौरान पोटली के हिलती जुलती चीज दिखाई दी। साथ ही थर्मल इमेजिंग से पता चला कि कोई गर्म खून का जीव है। इसके बाद ही पोटली को खोला गया तो पाया कि उसमें दुर्लभ प्रजाति के कछुये हैं। ऐसे करीब 50 कछुए थे।
49 कछुए बेबी टारटोइज के नाम से जाने जाते हैं। एक कछुआ बेबी स्टार के नाम से जाना जाता है। पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद रेंजर अशोक कुमार निमेष के नेतृत्व में वन विभाग की टीम रेलवे स्टेशन पहुंची और कुछओं को अपने कब्जे में लिया। रेंजर अशोक कुमार निमेष ने बताया कि यह दुर्लभ प्रजाति के कछुए समुद्र में पाए जाते हैं।
इन कछुओं की शारीरिक बनावट इनके शरीर के बढ़ने के साथ साथ बदलती जाती है। इसलिए इन्हें बेबी स्टार कहा जाता है। इनके जिस्म पर सितारे बने होते हैं। इनका उपयोग अधिकतर बड़े एक्वेरियम में किया जाता है। इनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये से अधिक है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अशोक कुमार निमेष ने बताया कि सभी कछुओं को शेखा झील में छोड़ा जाएगा।