महानगर की घनी आबादी वाले संवेदनशील इलाके मदार गेट चौराहे के पास दुकानदारों पर हुए हमले की घटना के विरोध में व्यापारी लामबंद हैं।
रविवार को इस सिलसिले में व्यापारियों की बैठक माहेश्वरी मांटेसरी स्कूल में हुई, जिसमें गिरफ्तारी न होने के विरोध में सोमवार को बाजार बंद रखने और एसपी सिटी कार्यालय तक पैदल मार्च निकालने का निर्णय लिया गया। बैठक में डा. राजीव अग्रवाल, पवन खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, सुबोध स्वीटी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
बता दें कि मदारगेट पर दुकान के सामने टेंपो खड़ा करने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हमल हुआ था। जिसकी खबर पर मौके पर पहुंची महापौर व अन्य भाजपाइयों ने प्रदर्शन करते हुए 24 घंटे का प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था। हालांकि पुलिस का तर्क है कि इस झगड़े में दूसरे पक्ष से जख्मी हशमुद्दीन अभी अस्पताल में भर्ती है।
वह पुलिस की अभिरक्षा में है। इसके बाद भी तमाम व्यापारियों की बैठक में आगे की रणनीति तय की गई। यहां बताया गया कि सोमवार को बाजार बंद रखा जाएगा। 11 बजे से तमाम व्यापारी एकत्रित होकर एसपी सिटी कार्यालय तक मार्च निकालेंगे। बता दें कि इस मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर कोतवाली के अनुसार घायल आरोपी अभिरक्षा में है। अस्पताल से छुट्टी के बाद जेल भेजा जाएगा।