क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोधा क्षेत्र के गांव इब्राहीमपुर में गुरुवार रात एक बारात चढ़त को लेकर विवाद पैदा हो गया। यहां अनुसूचित जाति के करीब दो-तीन गांव के लोग एकत्रित होकर आ गए और बारात की चढ़त रुकवा दी।
इसे लेकर गांव में तनाव के हालात बन गए। सूचना मिलने पर सीओ गभाना, एसओ लोधा पुलिस व पीएसी के साथ पहुंच गए। घंटों तक लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। जब बात नहीं बनी तो पुलिस बारात चढ़त का विरोध कर रहे लोगों को कार्रवाई का डर दिखाते हुए रात करीब तीन बजे संगीनों के साये में बारात चढ़ बाई।
वाकया इस तरह है कि गांव इब्राहीमपुर में पिछले वर्ष 14 अप्रैल को डॉ.आंबेडकर जयंती की शोभायात्रा निकाले जाने को लेकर बघेल समाज के लोगों ने शोभायात्रा यह कहकर रुकवा दी थी कि यह शोभायात्रा लोग अपने ही इलाके में निकालें। इस दौरान वहां विवाद भी हुआ था।
इसे लेकर गांव में दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है। अब गुरुवार को बघेल समाज के नौरंगीलाल की बेटी की बारात हाथरस से आई। देर रात जैसे ही बारात चढ़त शुरू हुई तभी अनुसूचित जाति के लोग वहां आ गए और बारात चढ़ने से रोक दी।
इतना ही नहीं बारात चढ़त के विरोध में वहां अनुसूचित जाति के दो-तीन गांव के लोग एकत्रित हो गए, जिससे वहां तनाव के हालात पैदा हो गए। रात को जब पुलिस को सूचना मिली तो सीओ गभाना सुरेंद्र सिंह, एसओ लोधा प्रेमपाल सिंह काफी संख्या में पुलिस व पीएसी के साथ पहुंचे।
वहां पुलिस ने करीब दो-तीन घंटे के प्रयास के बाद सख्ती दिखाते हुए तीन बजे बारात चढ़त कराई। एसओ लोधा के अनुसार मामले में किसी तरह का झगड़ा नहीं हुआ। अब विरोध करने वाले लोगों को पाबंद करने की प्रक्रिया की जाएगी।
डीजे पर डांस ने कराया जमकर फसाद
महानगर के देहली गेट इलाके में खैर रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में रात डीजे पर डांस को लेकर बारात व घराती पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और पुलिस को फायरिंग की सूचना मिल गई। इस सूचना पर देहली गेट पुलिस व कई पीआरवी वहां पहुंच गईं। बाद में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया। इस दौरान काफी देर तक शादी समारोह रुका था। बाद में कुछ लोगों की मध्यस्थता पर आपस में समझौता और माफी पर मामला रफा-दफा हो गया।