क्राइम डेस्क, अमर उजाला,अलीगढ़।
थाना लोधा क्षेत्र में एक मोबाइल टावर पर कर्मचारी को बंधक बना कर बदमाश टावर की बैटरियां लूट ले गए। लोधा के गांव रायट में एक मोबाइल टावर पर गांव का ही रहने वाला हारुन गार्ड के रूप में तैनात है।
इस टावर की देखरेख गुलामनवी करते हैं। दोनों लोग बुधवार की रात को आसपास ही सोए थे कि तभी बदमाशों ने टावर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने दोनों लोगों का उस चादर से ही मुंह ढका रहने के लिए कहा जिसको उन्होंने ओढ़ रखा था।
इसके बाद बदमाशों ने तमंचा कनपटी पर सटाते हुए कहा कि चुपचाप चारपाई पर पड़े रहो वरना गोली मार दी जाएगी। दोनों को कब्जे में लेकर बदमाशों ने करीब 29 बैटरियां जो टावर पर लगी थी, लूट लीं।
लूट करने के बाद उन्होंने दोनों रखवाली करने वालों को धमकाया कि अभी शोर मत करना। हमारे जाने के बाद चीखने चिल्लाने की कोशिश की तो हमें लौटने में देर नहीं लगेगी। इसके बाद बदमाश भाग गए। सूचना पर गांव वाले और पुलिस पहुंची। घटना की तहरीर दे दी गई है।