क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
रामघाट रोड पर दीन दयाल अस्पताल के पास नाला ढकने के लिए बनाए गए आरसीसी स्लैब आए दिन हादसों का सबब बन रहे हैं। अगर यह स्लैब नालों पर लग जाएं तो नाला भी ढक जाए, स्थान भी बढ़ जाए और हादसे की संभावना भी खत्म हो जाए। रविवार की रात इन्हीं स्लैब से टकराकर आम आदमी पार्टी नेता कामिल खान के भाई दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
आम आदमी पार्टी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष कामिल खान के बड़े भाई शादाब खान रविवार की रात रामघाट रोड से गुजर रहे थे। रात में कोहरा भी था। इस दौरान वह दीनदयाल अस्पताल के पास से गुजर रहे थे।
तभी बाहर नालों को ढकने के लिए रखे स्लैब से बाइक टकरा गई। घायल अवस्था में शादाब खान को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां पर उनके 18 टांके लगाने के बाद जख्म को सिला गया। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह स्लैब बहुत दिनों से ऐसे ही पड़े हुए हैं।
जिसके कारण हादसे होते रहते हैं। इसके संबंध में कई बार नगर निगम को लिखकर शिकायत की है, लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल नगर आयुक्त से मिलेगा और स्थिति से अवगत कराएगा।