क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर की थाना देहली गेट पुलिस ने दो फर्जी पत्रकार रंगदारी वसूली के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजे हैं। इन दोनों पर वीडियो बनाकर लाल मसजिद के पास के रसोई गैस विक्रेता से ब्लैकमेल कर पांच हजार रुपये प्रतिमाह वसूली का आरोप है। इन पर मुकदमा दर्ज कराया गया था और दोनों फरार चल रहे थे। पकड़ा गया एक फर्जी पत्रकार पूर्व में मडराक से भी लूट के मुकदमे में जेल जा चुका है।
सीओ प्रथम विशाल पांडेय के अनुसार शुक्रवार को खैर रोड स्थित लाल मंदिर, इंद्रानगर से वसीम निवासी अलहदादपुर नीवरी और मो. साजिद निवासी उस्मानपाड़ा को दबोचा गया।
इन पर वादी सुदामा की लाल मस्जिद के पास स्थित रसोई गैस की दुकान की वीडियो बनाकर उससे पांच हजार रुपये प्रतिमाह वसूली का आरोप था। वादी सुदामा ने बताया कि दोनों लोग पिछले दिनों दुकान पर आए थे।
आते ही वहां वीडियो बनाने लगे। पूछने पर खुद को पत्रकार बताया। वीडियो के आधार पर घटतौली की शिकायत करने की बात कहने लगे। इसके कुछ देर बाद दोनों पांच हजार रुपये प्रतिमाह देने की बात कहने लगे थे। इस मामले की शिकायत थाना पुलिस को दर्ज कराई थी।