क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्र से आतंकी बने मन्नान वानी की चर्चा एक बार फिर कैंपस में हो रही है। कहा जा रहा है कि कश्मीर में उसका एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह एक आतंकी के जनाजे में फायरिंग करता दिख रहा है।
जनवरी 2018 में एएमयू भूगर्भ विज्ञान विभाग के शोध छात्र रहे मन्नान वानी के आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल होने की सूचना मिली थी। कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोलाब के टकीपोरा का मन्नान वानी एएमयू के हबीब हॉल में रहता था। उसके लापता होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा उसे निष्कासित कर दिया गया था।
पुलिस प्रशासन द्वारा उसके कमरे की तलाशी भी ली गई थी। स्थानीय पुलिस प्रशासन से लेकर देश की शीर्ष जांच एजेंसियां सक्रिय हो गयी थी। अब चर्चा है कि आतंकी बनने के बाद मन्नान वानी का पहला वीडियो वायरल हुआ है। हालांकि कई छात्रों ने मन्नान वानी का वीडियो वायरल होने की जानकारी से अनभिज्ञता भी जताई।
एएमयू छात्र संघ के निवर्तमान अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी का कहना है कि मन्नान वानी का वीडियो वायरल होने से संबंधित जानकारी उनके पास नहीं हैं। एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी भी इस तरह की सूचना से अनभिज्ञता जता रहे हैं।