क्राइम डेस्क, अमर, उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सर सैयद हॉल नार्थ में बीती रात हुई फायरिंग के मामले में दोनों गुटों की ओर से थाना सिविल लाइंस में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। इनमें से एक मुकदमे में तो 50 राउंड फायरिंग का आरोप लगाया गया है। वहीं एएमयू प्रशासन द्वारा इस मामले की जांच के लिए फैक्ट फाइडिंग कमेटी का गठन कर दिया गया है।
एसएस नार्थ हॉल में गुरुवार रात्रि में डायनिंग हॉल के महत्वपूर्ण पद को लेकर छात्रों के दो गुटों में मारपीट एवं फायरिंग हुई थी। रात्रि में गोलियों की गूंज से छात्रावास में रहने वाले छात्र दहशत में आ गए थे।
डायनिंग हॉल में तोड़फोेड़ की गई थी। 12वीं सेल्फ फाइनेंस के छात्र सैफ खां के पैर के अंगुठे में गोली लगी थी, जिसे उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में सीनियर हॉल आसिफ खुर्शीद एवं मोहम्मद अली खान की तरफ से थाना सिविल लाइंस में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। दोनों तरफ से फायरिंग एवं जानलेवा हमले का आरोप एक-दूसरे पर लगाया गया है। कई छात्रों के नाम भी एफआईआर में दर्ज हैं।
इनमें मो.अली खान की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आसिफ खुर्शीद, जीशान, नौशाद अख्तर को नामजद व अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया है। वहीं दूसरी ओर से दर्ज मुकदमे में मो.अली खान, घायल छात्र सैफ, अहतशाम उर्फ राजन, केसर, सिराज, तबरेज, सरताज को नामजद व अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
अली खान की ओर से दायर मुकदमे में 50 राउंड फायरिंग का आरोप है। एएमयू प्रॉक्टोरियल टीम के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए फैक्ट फाइडिंग कमेटी का गठन कर दिया गया है। कमेटी को अपनी रिपोर्ट तीन दिन के अंदर देने का निर्देश दिया गया है।
वहीं फायरिंग में घायल छात्र सैफ खां का उपचार जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डिप्टी प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद अहमद ने बताया कि सैफ के पैर के अंगुठे में गोली लगी है। शुक्रवार को ऑपरेशन होने की उम्मीद है। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।