क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
गांधी पार्क क्षेत्र के धनीपुर इलाके की एक युवती ने बुधवार शाम को संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालात बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवती के जहरीला पदार्थ खाने के पीछे वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस घर में किसी से अनबन होने की आशंका जता रही है। वहीं परिवार वाले किसी भी प्रकार के विवाद से साफ मना कर रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया। फिलहाल इस मामले में पुलिस को किसी ने तहरीर भी नहीं दी है।
ममता (18) पुत्री ताराचंद निवासी चावड़ वाली गली, धनीपुर, गांधी पार्क दो छोटे भाइयों की एकलौती बड़ी बहन थी। ममता के पिता ताराचंद के अनुसार वह पत्नी सर्वेश देवी को लेकर बुधवार शाम को दवा लेने गए थे। घर पर दो बेटे और बड़ी बेटी थी।
दवा लेकर वापस घर लौटे तो बेटी ममता को बुलाया। मगर पुकारने पर भी उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। अंदर जाकर देखा तो बेटी बेहोशी की हालत में पड़ी थी। पास में गेहूं के कीड़े मारने वाली दवा की शीशी पड़ी थी।
यह देख उनके होश उड़ गए। तत्काल उसे जेएन मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने इलाज कर उसे बचाने की कोशिश की। मगर गुरुवार को ममता की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार ममता हंसी-खुशी से नवरात्रों के व्रत रह रही थी। पता नहीं उसने यह कदम क्यों उठा लिया।
इंस्पेक्टर थाना गांधी पार्क के अनुसार मामले में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। मगर, युवती के परिवार वाले किसी भी प्रकार के विवाद से इंकार कर रहे हैं। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो आगे जांच की जाएगी।