क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
नर्सिंग होम में भर्ती बीमार रिश्तेदार को देखने आए दो लोगों से बाइक सवार बदमाश बुधवार सुबह-सुबह 14 हजार रुपये छीन ले गए। शोर पर जब पब्लिक ने पीछा किया तो उन्हें गली में घेर लिया गया। बाद में पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस इसे मारपीट का मामला बता रही है। पकड़े गए दोनों युवकों पर शांति भंग में कार्रवाई की गई है।
जनपद कासगंज के पटियाली निवासी राजेश व नेकसे अपने किसी रिश्तेदार को सासनी गेट के नर्सिंग होम देखने आए थे। बुधवार की सुबह 6:30 बजे नर्सिंग होम के बाहर चाय के खोखे पर चाय पीने के लिए खड़े थे और पैसों का इंतजाम करके अंदर ले जा रहे थे, तभी अचानक दो बाइक सवार आए तमंचा दिखाकर 14000 रुपये झपट ले गए।
इस पर दोनों ने अन्य राहगीर की बाइक पर बैठकर दोनों को पीछा किया और एक गली में पब्लिक की मदद से दबोच लिया। बाद में धुनाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए युवकों में दिगंबर व भूरी सिंह निवासी गभाना शामिल हैं। इंस्पेक्टर सासनी गेट के अनुसार प्रकरण मारपीट का है। कोई तहरीर भी नहीं आई है। शांति भंग में कार्रवाई की गई है।