व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता से कसबा के दबंग ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी है। यही नहीं, जब भाजपा नेता ने विरोध किया तो दबंग लौट गया। कुुछ देर में लौटा और तमंचा लहराते हुए फिर धमकी देने लगा।
इसकी सूचना पर थानाध्यक्ष ने दबंग को तमंचा समेत दबोचा और रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेज दिया। कसबा के प्रमुख मिठाई व्यवसायी शुभम गोयल की कसबा के जवाहर चौक पर राधेयाम प्रकाश स्वीट्स के नाम से दुकान है।
शुभम के अनुसार कसबा का दबंग सुनील यादव उर्फ कादरी शनिवार रात करीब नौ बजे दुकान पर आ धमका। उसने आते ही गाली गलौज करते हुए कहा बहुत रुपया कमा लिया है। कोल्ड स्टोर भी खोल लिया है। अब चुपचाप से 50 लाख रुपये दे देना।
पिछली बार तो तमंचा खाली था, लेकिन इस बार जान से हाथ धो बैठेगा। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। इस बीच आसपास के व्यापारी भी इकट्ठे हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी धमकी देता हुआ चला गया। इसके बाद पीड़ित व्यापारी ने थानाध्यक्ष को पूरे मामले की जानकारी दी। कुछ ही देर बाद दबंग फिर से आ धमका।
उसने शुभम को गाली देते हुए धमकी दी। इसी बीच पहुंचे थानाध्यक्ष शंभू तिवारी ने उसे मय तमंचा दबोच लिया। इस घटना से कसबा के व्यापारियों में रोष है। वहीं, शुभम का परिवार भयभीत है।
पीड़ित व्यापारी नेता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को जेल भेज दिया। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अरविंद गोयल ने पुलिस प्रशासन से व्यापारी की सुरक्षा की मांग की है।