क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना देहली गेट इलाके की एक महिला ने ससुर पर तमंचे के बल पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार ससुर ने घर में अकेला पाकर उसे दबोच लिया। विरोध करने पर सिर पर तमंचा रख दिया। इसके बाद घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। आरोप है कि ससुर शिकायत करने पर मासूम बेटी को भी जान से मारने की धमकी दे रहा है।
एसएसपी कार्यालय पर दिए शिकायत पत्र के अनुसार हरदुआगंज थाना क्षेत्र की एक महिला की शादी कुछ साल पहले देहली गेट के निरंजनपुरी इलाके के युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुर उसके साथ अभद्र हरकतें करता आ रहा है।
आरोप है कि बुधवार को जब वह घर पर अकेली थी तो शराब के नशे में धुत होकर आए ससुर ने उसे दबोच लिया। शोर मचाने पर सिर पर तमंचा रख घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद शिकायत करने पर मासूम बेटी को जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
इस बात की शिकायत पति सहित अन्य ससुरालियों से की तो उन्होंने घर के अंदर की बात कहकर मुंह बंद रखने को कहा। वहां से मदद न मिलने पर घटना की जानकारी मायके वालों को दी।
मायके वाले ससुराल पहुंच कर उसे देहली गेट थाने पर ले गए। वहां पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से इंकार कर दिया। एसएसपी कार्यालय से महिला को मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कराने का आश्वासन दिया गया है।