क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अतरौली थाना क्षेत्र में गाजीपुर व पावर हाउस के सिक्योरिटी गार्ड समेत आधा दर्जन ग्रामीणों को लूटने वाले गैंग के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए मोबाइल, चार्जर तथा पांच हजार रुपये की नकदी, दो तमंचा, चाकू तथा दो बाइक बरामद की हैं।
एसएसपी अजय कुमार साहनी ने अपने कार्यालय में शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि अतरौली थाना क्षेत्र के चौमुंहा तिराहे से नगलिया हैवतपुर के बीच में 23 जुलाई की रात को बदमाशों ने गाजीपुर पावर हाउस के सिक्योरिटी गार्ड राजू से मोबाइल तथा सात सौ रुपये लूट लिए थे। इसके साथ ही बदमाशों ने आधा दर्जन ग्रामीणों के साथ लूटपाट की। इस दौरान लोधा निवासी सोनू नामक युवक किसी तरह बदमाशों को गच्चा देकर अपनी बाइक से भाग निकला। उसने ग्रामीणों को सूचना दी तो ग्रामीणों मौके की ओर दौड़ लिए। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को भी सूचना दे दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण तथा पुलिस को आता देख बदमाश भागने में सफल रहे।
गुरुवार को इस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद वारदात स्थल से ही भान प्रकाश उर्फ सोनू पुत्र अजधीर निवासी नगाइच पाड़ा, नौशाद पुत्र इस्लाम निवासी मोहल्ला सराय देवीदास, रवि कुमार पुत्र प्रेमपाल सिंह निवासी नगाइचपाडा कस्बा व पंकज कुमार शर्मा पुत्र किशन कुमार शर्मा निवासी गदईपुर को पकड़ा है। जबकि देवेश पुत्र साहब सिंह निवासी चौमुंहा, श्रीराम लोधी निवासी काजिमाबाद भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूटे गए मोबाइल, पांच हजार रुपये, दो तमंचा मय चार कारतूस, चाकू व दो बाइक बरामद की हैं।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इससे पूर्व 20 जुलाई की रात को रायपुर के जंगल में बाग की रखवाली करने वालों से भी लूटपाट की थी। इस सफलता में इंस्पेक्टर प्रवेश राना व उनकी टीम शामिल रही।