क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना बन्ना देवी स्थित होली चौक जमीरबाद पर रहने वालेे सामाजिक कार्यकर्ता नरेश निराला के घर पर कुछ अज्ञात बाइक सवारों ने हंगामा करते हुए फायरिंग कर डाली। इसको लेकर नरेश निराला के समर्थक और अन्य सामाजिक संगठनों ने विरोध व्यक्त किया है। नरेश निराला ने इस संबंध में थाना बन्ना देवी को एक पत्र लिखा है, जिसमें ऐसे असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
दिए गए पत्र में नरेश निराला ने कहा है कि वह अपने क्षेत्र की आसपास की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाते रहते हैं और साथ ही प्रशासन का समय-समय पर सहयोग भी करते रहते हैं।
इसी बात से बैर मानते हुए कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों ने पिछले दिनों उनके बेटे के साथ मारपीट की और बीच बचाव करने पहुंचे तो उनके घर पर फायरिंग कर दी।
आरोपियों में एक स्थानीय युवक भी है जो पिछले दिनों तमंचों सहित पकड़ा गया था। इसको लेकर पुलिस से कार्यवाही की गुहार की है। दूसरी ओर पर्यावरण सुरक्षा समिति हरीतिमा के अध्यक्ष सुबोध नंदन शर्मा, नागरिक चेतना समिति, उड़ान सोसायटी आदि ने इस तरह सामाजिक कार्यकर्ता पर हुए हमले की निंदा की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।