क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
विजयगढ़ थाने के एक दरोगा पर गांव खंहेडा में शराब पीकर उत्पात मचाने और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने की शिकायत को लेकर एक दर्जन से अधिक ग्रामीण एसपी देहात से मिले। एसपी देहात डॉ. यशवीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते जांच सीओ बरला को सौंपी है।
बुधवार को गांव खंहेडा के ग्रामीण एसपी देहात डॉ. यशवीर सिंह के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने एसपी देहात को बताया कि विजयगढ़ थाने का एक दरोगा गांव में एक व्यक्ति के घर आए दिन आता है।
दरोगा यहां शराब पीने के बाद ग्रामीणों के साथ गाली गलौज करता है। इतना ही नहीं शराब के नशे में वह गांव की लड़कियों एवं महिलाओं से अभद्रता तथा छेड़छाड़ तक करता है। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ मारपीट तथा झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देते हैं।
कई लोगों को वह झूठे मुकदमे में जेल भी भेज चुका है। जिस व्यक्ति के यहां दरोगा शराब पीता है उसका भी गांव में काफी आतंक है। वह आए दिन लोगों से गाली गलौज कर मारपीट करता रहता है। एसपी देहात ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच सीओ बरला को सौंपी है।