क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना सासनी गेट में तैनात एक दरोगा को एक दिव्यांग को पीटना भारी पड़ गया है। दिव्यांग की पिटाई लगाते हुए दरोगा की वीडियो वायरल हो गई है।
शुक्रवार को एसएसपी ने दरोगा को इस मामले में कड़ी फटकार लगाई और एसपी सिटी को दरोगा के खिलाफ जांच करने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सासनी गेट के भुजपुरा बाईपास स्थित माहेश्वरी इंटर कालेज के निकट स्थित मैदान में कुछ लोगों के जुआ खेलने की सूचना पर दरोगा वहां पहुंचा था।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार दरोगा को देख जुआरी तो भाग खड़े हुए। दरोगा ने जुआरियों को संरक्षण देने के आरोप में एक दिव्यांग को दबोच लिया। उसकी पिटाई लगा दी।
इधर, पास ही खड़े किसी शख्स ने इस घटनाक्रम की वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो को देखने के बाद लोग पुलिस की कार्यशैली को लेकर तरह-तरह के कॉमेंट करने लगे।
मामला एसएसपी के पास पहुंचा तो उन्होंने दरोगा को कड़ी फटकार लगाई और एसपी सिटी को मामले की जांच सौंपी है।