न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी रजा नगर इलाके की एक पूर्व एएमयू छात्रा को शादी के बाद दहेज उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा। उसने जब पति के चरित्र आदि को लेकर आवाज उठाई तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। युवती ने गुरुवार को एसएसपी से मदद मांगी। एसएसपी ने मामले में परिवार परामर्श केंद्र को जांच व आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
छात्रा के अनुसार उसके पिता ने उसका निकाह मूलरूप से संभल निवासी लखनऊ में सेवारत से 14 मई 2017 को किया। शादी के बाद उसका पति व ससुराली उसे दहेज के लिए तंग करने लगे।
बाइक व एक लाख रुपये की नकद मांग करते थे। विरोध करने पर उसका पति उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करता था। वह इसका विरोध करती तो मारपीट करता। बाद में पता चला कि उसका पति गे है, इसलिए इस तरह की हरकत करता है। लगातार जब उत्पीड़न हुआ तो उसने मायके आकर बताया।
परिजनों को समझाने पर कुछ दिन सब ठीक चला। मगर बाद में वही हरकत शुरू हो गई। विरोध करने पर पिछले दिनों उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। एसएसपी दफ्तर पहुंची युवती की शिकायत पर एसएसपी ने जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।