क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
ऑनलाइन प्लेटफार्म से खाना मंगाना दो युवकों को उस समय भारी पड़ गया जब कढ़ाई पनीर के स्थान पर उनको कढ़ाई गोश्त मिला। युवकों का आरोप है कि ऐसा उनके साथ पहली बार नहीं हुआ है। पूर्व में दो बार भी ऐसा हो चुका है। लगातार इस तरह की शिकायत मिलने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई। यहां उस होटल स्वामी के समर्थक भी पहुंच गए जहां से खाना लिया गया था। हालांकि बाद में तीनों पक्षों में राजीनामा होने पर मामला रफा दफा हो गया।
शुक्रवार की दोपहर मामू भांजे में मोबाइल रिपेयर की दुकान करने वाले रिहान एवं साबिर ने ऑनलाइन कंपनी को कढ़ाई पनीर लाने का आर्डर दिया। कुछ देर बाद कंपनी का डिलीवरी ब्वाय उन्हें ऑर्डर का पैकेट पकड़ा गया। जब युवकों ने पैकेट खोलकर देखा तो उसके अंदर कढ़ाई पनीर के स्थान पर कढ़ाई गोश्त था। यह देखकर वह चौंक गए, क्योंकि इस तरह की घटना उनके साथ पहले दो बार भी हो चुकी है।
युवकों के अनुसार पहले दो बार में उन्होंने सोचा कि भूलवश ऐसा हो गया होगा, लेकिन लगातार तीसरी वही मामला होने पर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शिकायत कर्ता तथा डिलीवरी ब्वाय को गांधी पार्क चौकी ले गई। यहां उसने बताया कि उन्होंने कढ़ाई पनीर दोदपुर स्थित एक होटल से लिया और सप्लाई कर दिया। काफी कहासुनी के बाद तीनों पक्षों में राजीनामा होने पर पुलिस ने सभी को जाने दिया।