क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के सिविल लाइंस इलाके में सरसैयद नगर बड़ी मसजिद वाले रास्ते में बुधवार देर शाम रिक्शा सवार दो महिलाओं को स्कूटी सवार बदमाशों ने लूटने की कोशिश की। मगर महिला के शोर पर वह लूट में सफल नहीं हुए और जब पब्लिक ने उन्हें घेरने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने फायर भी किया। मगर कुछ राहगीरों ने उनमें से एक को दबोच लिया और जमकर पीटते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान उसने खुद के बेहोश होने का भी प्रपंच रचा। मगर बाद में पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
वाकया इस तरह से है कि रिक्शे में दो महिलाएं बाजार से जा रही थीं। तभी बड़ी मसजिद वाले रास्ते पर स्कूटी सवार दो युवक आए और एक महिला के हाथ में लगा पर्स झपट्टा मारकर खींचने की कोशिश की। मगर महिला ने शोर मचा दिया और पर्स बच गया।
इस पर राहगीर स्कूटी सवारों के पीछे दौड़े तो पीछे बैठे युवक ने फायर झोंक दिया। जिस पर कुछ लोग बच भी गए। मगर आगे से अन्य राहगीरों ने उन्हें दबोचकर गिरा दिया। मारपीट के दौरान एक तो भाग गया, जबकि दूसरे को पब्लिक ने जमकर पीटा। इस पर बदमाश ने खुद के बेहोश होने का प्रपंच भी किया
। मगर तभी पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार पकड़े गए युवक ने अपना नाम अदनान बताया है। उससे पूछताछ चल रही है। महिलाएं बिना तहरीर दिए अपने घर चली गई हैं।
राहगीर से 18 हजार की लूट
महानगर के देहली गेट क्षेत्र के खैर रोड पर युवक से 28 जुलाई को बदमाशों ने 18000 रुपये लूट लिए थे। इस संबंध में युवक ने देहलीगेट थाने में तहरीर दी थी। युवक की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। देहलीगेट के करबला क्षेत्र का रहने वाला मो. अजीज पुत्र साबिर 28 जुलाई को बाजार से घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में खैर रोड लाल मस्जिद के बाद दो-तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और 18000 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने देहलीगेट थाने में तहरीर दी। बुधवार को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस के अनुसार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी।
बदमाशों ने तमंचा दिखाकर महिला को लूटा
बाजार से घर जा रही महिला को रास्ते में तमंचा दिखाकर मंगलवार को बदमाश लूट ले गए। पीड़िता की तहरीर पर थाना बन्नादेवी में तहरीर दे दी है। पृथ्वीराज नगर निवासी तरुण चौहान पुत्र राजेंद्र सिंह चौहान प्राइवेट नौकरी करते हैं। इनकी पत्नी मंगलवार शाम बाजार से पैदल-पैदल घर की तरफ जा रहीं थीं। इन्हें दो-तीन बदमाशों ने तहसील के पास रास्ते में रोक लिया और तमंचा दिखाकर 1100 रुपये, मोबाइल लूट लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है।