क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मलखान सिंह जिला अस्पताल में मरीज को देखने आई एक वृद्धा को बातों में फंसा कर एक ठग ने सोने के कुंडल और चूड़ियां लूट लीं।
गांधी नगर की रहने वालीं उर्मिला बुधवार को जिला अस्पताल में किसी मरीज को देखने आयी थीं। इस दौरान वहां पर एक ठग आया और उन्हें बातों में फंसा लिया।
ठग ने उन्हें बताया कि पीली धातु उनके और उनके परिवार के लिए बहुत ही नुकसानदायक है। ठग ने कहा वह सोना पहन सकती हैं, लेकिन उसका रंग बदल कर।
महिला ने पूछा कि रंग कैसे बदला जाएगा तो ठग ने कहा कि उसके पास एक पत्थर है जो सोने का रंग बदल देता है।
इसके बाद ठग ने कुंडल और चूड़ी उतरवा ली। पानी से धोने के बहाने नल तक गया और फिर भाग गया। बाद में महिला को जब हकीकत का पता चला तो पैरों तले जमीन खिसक गई।