न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हसायन। दो बाइक सवार बदमाशों ने पुरदिलनगर तिराहे पर शुक्रवार को शाम करीब चार बजे गांव सिड़रमई निवासी रिटायर्ड फौजी की चाभी लगी स्कूटी से 40 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गए।
सिड़रमई निवासी रिटायर्ड फौजी नाहर सिंह पुत्र बाबू सिंह ने शुक्रवार को भारतीय स्टेट बैंक से सवा तीन बजे करीब अपने खाते से 40 हजार रुपये निकालकर स्कूटी की डिग्गी में रखे थे। वह अपने गांव सिड़रमई जा रहे थे। तभी नाहर सिंह ने कस्बा के बाजार से सामान लेने के लिए अपनी स्कूटी में चाभी लगा दी। वह चाभी लगी हुई अपनी स्कूटी को पुरदिलनगर तिराहे पर खड़ी करके एक दुकान से ट्यूब के दाम पूछने लगे। तभी बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कूटी की डिग्गी से 40 हजार रुपये उड़ा दिए।
रिटायर्ड फौजी ने शोरगुल मचाया, लेकिन तब तक बाइकर्स नजरों से ओझल ओ चुके थे। पीड़ित ने अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। सीओ आशीष प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार, एसआई जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने घटना स्थल पर पहुंचकर मौके का मुआयना किया। सीओ ने घटना के संबंध में भारतीय स्टेट बैंक पहुंचकर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले। सीओ ने सीसीटीवी कैमरा बंद मिलने पर शाखा प्रबंधक नरेश कुमार से सवाल किए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।