क्राइम डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला सेवा में दहेज की खातिर दो विवाहिता बहनों के साथ मारपीट करने और उन्हें केरोसिन डालकर जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िताओं के पिता ने इस मामले में पति, ससुर समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
जिला मथुरा के थाना बल्देव के गांव बरौली निवासी देवी सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने अपनी बड़ी बेटी पप्पी एवं पूजा की शादी 23 नवंबर 2017 को गांव नगला सेवा निवासी हम्वीर सिंह के बेटे कन्हैया एवं अजीत के साथ धूमधाम की थी। अजीत सेना में नौकरी करता है। पप्पी बचपन से पैर से दिव्यांग है। यह बात ससुरालीजनों को शादी के समय ही बता दी गई थी।
आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों बेटियों को ससुरालीजनों ने पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इससे तंग आकर छोटी बेटी पति के साथ आगरा में रहने लगी। बड़ी बेटी मायके चली आई। 11 जुलाई को ससुरालीजन समझौते के बाद बड़ी बेटी पप्पी को गांव ले गए।
आरोप है कि ससुरालियों ने उसके साथ फिर से मारपीट शुरू कर दी। इसकी जानकारी पर सोमवार को छोटी बेटी पूजा भी नगला सेवा आ गई। मंगलवार को ससुरालीजनों ने फिर से दोनों बहनों के साथ मारपीट की और केरोसिन डालकर जलाने की कोशिश की। पूजा मौका पाकर घर से बाहर निकल आई और मायके में सूचना दे दी। इसके बाद उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
पुलिस जब आरोपियों के यहां पहुंची तो पप्पी बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थी। उसे सीएचसी में उपचार के बाद हाथरस रेफर कर दिया गया। ससुरालीजन मौके से फरार थे। पीड़िताओं के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुर हम्मीर सिंह, पति कन्हैया, जेठ अशोक कुमार एवं जेठानी सरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र का कहना है कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।